पाली जिले में रविवार तड़के करीब 4 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिरोही जिले के पालड़ी एम और पोसालिया के बीच तरबूज से भरी एक पिकअप का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 8 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत रुककर घायलों की मदद की और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले नजदीकी स्थान से पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार सभी घायल राजसमंद से सिरोही जिले में लगने वाले प्रसिद्ध गौतम ऋषि मेले में तरबूज बेचने के लिए शनिवार रात करीब 9 बजे रवाना हुए थे।
घायलों में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के निवासी शामिल हैं, जो फिलहाल राजसमंद में रह रहे थे।
हादसे में घायल लोगों में फिरोजाबाद निवासी प्रकाश (28), सतराम (30), बुंदु (32), सुनील (35), बलवीर (48), एमपी निवासी वीरेंद्र (22), राजसमंद निवासी मनोज (65) और छोटू (32) शामिल हैं।
डॉक्टरों के अनुसार प्रकाश और सतराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में जारी है।
हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए


