in

सोजत: आईएफडब्ल्यूजे का दीपावली स्नेह मिलन समारोह संपन्न, प्रेस भवन निर्माण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन।

सोजत सिटी। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) सोजत उपखंड के तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय नगर पालिका वाचनालय में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में पत्रकार हितों, पत्रकार सुरक्षा कानून, अधिस्वीकरण पॉलिसी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वहीं सोजत में पत्रकारों के लिए सर्वसुविधायुक्त प्रेस भवन निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

समारोह के मुख्य अतिथि आईएफडब्ल्यूजे जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जोशी रहे, जबकि अध्यक्षता उपखंड अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार कैलाश गहलोत ने की। नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश तंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जोशी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्पक्षता, निर्भीकता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। पत्रकारों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत है। वहीं उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू होना आवश्यक है।

समारोह को विधानसभा प्रभारी चेतन व्यास, महासचिव नवनीत राय रुचिर, जिला सचिव अब्दुल समद राही, जिला कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश भटनागर, डॉ. रामस्वरूप भटनागर एवं डॉ. रशीद गौरी ने भी संबोधित करते हुए पत्रकार एकता एवं संगठन की मजबूती पर विचार व्यक्त किए।

प्रेस भवन निर्माण की मांग, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन…

सोजत नगर पालिका क्षेत्र में पत्रकारों के लिए प्रेस भवन निर्माण की मांग को लेकर जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जोशी एवं उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत की अगुवाई में पत्रकारों ने पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश तंवर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर पालिका से पत्रकारों के लिए निशुल्क भूमि आवंटित कर सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त प्रेस भवन का निर्माण करवाने की मांग की गई। पत्रकारों ने कहा कि प्रेस भवन बनने से पत्रकारों को आपसी संवाद, बैठक, समाचार संकलन एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए एक स्थायी मंच उपलब्ध हो सकेगा।

दीपावली शुभकामनाओं के साथ पत्रकार हितों पर सार्थक चर्चा…

समारोह के प्रथम सत्र में उपखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने एक-दूसरे से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आईएफडब्ल्यूजे सोजत विधानसभा प्रभारी चेतन व्यास ने संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ पत्रकार भुवनेश टाक ने पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियों तथा उनके हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।

पत्रकार सुरक्षा कानून एवं अधिस्वीकरण पॉलिसी पर मंथन…

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रकाश राठौड़ एवं सलाहकार लक्ष्मीनारायण माली ने पत्रकारों से जुड़े विभिन्न कानूनों, अधिस्वीकरण पॉलिसी तथा पत्रकार हितों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उपस्थित पत्रकारों ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, सोजत में एपीआरओ कार्यालय खोलने तथा पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर अपने सुझाव रखे।

इनकी रही उपस्थिति..

समारोह में दिव्येश जोशी, अकरम खान, हरीश गहलोत, गोविन्द्र गर्ग, महावीर गहलोत, पुनाराम प्रजापत, अशोक गहलोत, इस्माईल खां, दिनेश सोलंकी, गजेन्द्र गहलोत, मोटाराम बौचावत, हितेश भाटी, भवानीसिंह बागावास, ओमप्रकाश बौराणा, अजय जोशी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता एवं मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का साफा, शॉल, दुपट्टा एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नवनीत राय ‘रुचिर’ ने किया तथा अंत में एडवोकेट अशोक गहलोत ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: बाल दिवस पर विजय आदर्श विद्या मंदिर में हुआ भव्य आयोजन, भाषण प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित।

सोजत: सुरेश्वर महादेव मंदिर में आज सजेगा 56 भोग का दिव्य दरबार, श्रद्धालुओं में उत्साह।