पाली. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर पाली जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। इस कार्यकारिणी में कुमावत समाज के सत्यप्रकाश पटेल को पाली जिला कांग्रेस कमेटी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पहली बार हुआ है जब किसी कुमावत को पाली कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में यह अहम जिम्मेदारी दी गई है।

पटेल की नियुक्ति से कुमावत समाज के साथ-साथ ओबीसी वर्ग में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। पटेल को सोशल मीडिया, फोन और व्यक्तिगत मिलकर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
सत्यप्रकाश पटेल पहले भी कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय क्षत्रिय कुमावत महासभा में राष्ट्रीय राजनीतिक युवा चेतना मंत्री, राजस्थान कुम्हार कुमावत महासभा में प्रदेश उपाध्यक्ष और ओबीसी महापंचायत राजस्थान प्रदेश में प्रदेश सचिव रह चुके हैं। इसके अलावा, वह कांग्रेस पार्टी के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ में प्रदेश सचिव भी रहे हैं और सुमेरपुर विधानसभा में सक्रिय रूप से काम करते रहे हैं।

इस नियुक्ति पर सत्यप्रकाश पटेल ने पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पाली जिला अध्यक्ष अजीज दर्द और अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया है।


