सोजत सिटी। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति एवं सीएलजी की बैठक आयोजित की गई। उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सद्भाव कायम रखने तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष चर्चा की गई। बाजार में आवागमन को व्यवस्थित रखने, भीड़भाड़ की स्थिति से निपटने तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसको लेकर आवश्यक रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में सीओ प्रतीक मील, थानाधिकारी देवेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी कानाराम सहित शांति समिति एवं सीएलजी सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने दीपावली पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।


