पाली। जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के सारण गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दो पोल जमीन पर गिर गए और एक पोल क्षतिग्रस्त हो गया।

इसी दौरान वहां सब्जी का ठेला लगाने वाली 30 वर्षीय महिला पुष्पा पत्नी भोपाल नाथ करंट की चपेट में आ गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर डिस्कॉम ने क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करवाई। मौके पर AEN संजय पंवार और JEN महेन्द्र गुर्जर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था की मांग की।
गांव के सरपंच गजेन्द्रसिंह चौहान ने बताया कि पोलों में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।


