पाली। जिले के दूदीया गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। मोहल्ले में खेलकर घर लौटा 15 वर्षीय भरत अचानक मां के सामने बैठते-बैठते नीचे गिर गया। परिजन तुरंत उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

ड्यूटी डॉक्टर डॉ. आरिफ ने बताया कि भरत को जब अस्पताल लाया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शरीर पर किसी तरह की चोट का निशान नहीं मिला। संभावना है कि बच्चे को साइलेंट हार्ट अटैक आया हो या वह पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित रहा हो। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
घटना के बाद पुलिस ने बच्चे की बॉडी को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। भरत के निधन से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।


