जोधपुर: ईद मिलाद-उन-नबी और अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश की अध्यक्षता में सरदार पटेल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस के आला अधिकारियों, विभिन्न थानों के प्रभारी अधिकारियों तथा प्रशासनिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों ही पर्व अपने-अपने तरीके से महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इनका उद्देश्य समाज में भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखना है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहारों को शांति, आपसी सहयोग और सामाजिक एकता की भावना से मनाएँ। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करें।

बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, धार्मिक जुलूसों के लिए मार्ग निर्धारित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाने पर भी चर्चा की गई।
ईद मिलादुन्नबी जलसा समिति की भागीदारी।
समीक्षा बैठक में ईद मिलादुन्नबी जलसा समिति से अध्यक्ष उस्ताद हाजी हमीम बख्श, सरपरस्त मोहम्मद नियामत पठान, उस्ताद सुबराती खान, उस्ताद शोएब खान, फिरोज खान, इश्तियाक अली राजू भाई, इंसाफ भाईजान, अमजद बख्श राजू भाई, अजीज पठान, राजू पठान, नदीम बख्श, उस्ताद आबिद छिपा, उस्ताद सलीम सैफी सहित तमाम जोधपुर के अखाड़ों व वर्जिश कल्ब के उस्ताद सम्मिलित हुए।


