पाली। शहर के राजेंद्र नगर विस्तार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान 29 वर्षीय चंचल पत्नी धर्मेश के रूप में हुई है। सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया।
पति से कहासुनी के बाद घटना
एएसआई ओमप्रकाश परिहार ने बताया कि देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। सुबह घर के कमरे में चंचल का शव फंदे से लटका मिला। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया। फिलहाल पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है।
भाई ने लगाया पति पर आरोप
मृतका के भाई महावीर ने बताया कि करीब 13 साल पहले चंचल की शादी धर्मेश से हुई थी। आरोप है कि धर्मेश लंबे समय से बहन को मानसिक रूप से परेशान करता था और मारपीट करता था। इसी से तंग आकर चंचल ने यह कदम उठाया। महावीर ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दो मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
चंचल के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 4 और 8 साल है। मां की अचानक हुई मौत से दोनों मासूमों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


