in

पाली में युवक से दुबई नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े चार लाख की ठगी, तीन भाई फरार।

पाली। बेरोजगारी का फायदा उठाकर नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले ठगों का एक और मामला सामने आया है। पाली शहर में एक युवक को दुबई की कंपनी में 2 लाख रुपये मासिक वेतन पर नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर तीन भाइयों ने उससे साढ़े चार लाख रुपये हड़प लिए और रातों-रात किराए का मकान खाली कर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर औद्योगिक थाना पुलिस ने अब जांच शुरू की है।

कोर्ट के जरिए दर्ज हुआ मामला

औद्योगिक थाना पुलिस के अनुसार, पाली शहर के महिला थाने के पास रहने वाले 39 वर्षीय नसीब पुत्र शफी मोहम्मद ने कोर्ट के जरिए 15 सितम्बर 2025 को रिपोर्ट दर्ज करवाई। नसीब ने बताया कि उसका परिचय पाली के राजेंद्र नगर क्षेत्र में किराए पर रह रहे नागौर जिले के भूणी, बोचालियों की ढाणी निवासी कुंदनराम पुत्र चूनाराम से हुआ था। कुंदनराम की महाराणा प्रताप सर्किल के पास इलेक्ट्रिक की दुकान है, जहां उसके भाई रतनराम और रामेश्वर भी आते-जाते थे।

दुबई में मोटी सैलरी का झांसा

रिपोर्ट के अनुसार, तीनों भाइयों ने अक्टूबर 2024 में नसीब से संपर्क किया और कहा कि वे दुबई में कंपनियों में नौकरी दिलाने का काम करते हैं। उन्होंने नसीब को दुबई की एक ऑयल कंपनी में 2 लाख रुपये मासिक वेतन की नौकरी का झांसा दिया और इसके लिए 4.5 लाख रुपये कमीशन मांगा। इस पर नसीब ने 29 अक्टूबर से 4 नवम्बर 2024 तक तीन लाख रुपये और दिसंबर 2024 में डेढ़ लाख रुपये और दे दिए।

रातों-रात मकान खाली कर भागे

पैसे मिलते ही तीनों भाई राजेंद्र नगर स्थित किराए का मकान खाली कर रातों-रात फरार हो गए और अपने मोबाइल फोन भी बंद कर दिए। जब नसीब मार्च 2025 में अपने भाई के साथ उनके गांव भूणी, नागौर पहुंचा तो आरोपियों ने मारपीट कर दी और रुपये लौटाने से साफ इंकार कर दिया।

नसीब ने 16 मार्च 2025 को औद्योगिक थाने में रिपोर्ट दी, इसके बाद उसने कोर्ट का सहारा लिया, जहां से आदेश मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मारवाड़ जक्शन: धामली गांव के रेहान और जोया का स्टेट चयन, गांव में खुशी की लहर।

सोजत: बासना के गौ भक्तों ने 1.45 लाख का गौ माता का मायरा भरा।