पाली। दीपावली के मौके पर पाली जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र में मंगलवार को ड्यूटी के दौरान एएसआई चम्पालाल प्रजापत की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे में उन्हें सिर पर गंभीर चोट लगी थी।

जानकारी के अनुसार, गुंदोज चौकी प्रभारी एएसआई चम्पालाल प्रजापत मंगलवार को ड्यूटी कर रहे थे। हाईवे से चौकी की ओर जाते समय तेज गति से आ रहे एक वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत बांगड़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सीओ ग्रामीण रतनाराम देवासी ने बताया कि हादसे में एएसआई के सिर में गंभीर चोट आई थी। पुलिस ने शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतक पाली शहर के सुंदर नगर में परिवार सहित रहते थे।
दीपावली के दिन हुई इस दुर्घटना से पूरा परिवार सदमे में है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और पुलिस अधिकारी बांगड़ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

