पाली।भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सुशासन सप्ताह के अंतर्गत रविवार को जिला मुख्यालय पाली में ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन ने विकास, सुरक्षा और सुशासन के प्रति प्रशासन व समाज के साझा संकल्प को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जिला कलेक्टर एल. एन. मंत्री ने सड़क सुरक्षा के नियमों का संदेश देते हुए हरी झंडी दिखाकर किया। यह सुशासन सप्ताह जिले में 24 दिसंबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के साथ मनाया जाएगा।

रैली व्यास सर्किल से प्रारंभ होकर अहिंसा सर्किल, सूरजपोल और अंबेडकर सर्किल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुँची। पूरे मार्ग में अनुशासन, उत्साह और जन-जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, पुलिस जवान तथा पाली के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, जनप्रतिनिधि सुनील भंडारी, महेंद्र बोहरा, रामकिशोर साबू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में जनहितकारी योजनाओं, पारदर्शी प्रशासन और सेवा-संवेदनशीलता ने नई गति पकड़ी है। सड़क सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में हुए सुधारों से आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है, जिसकी झलक इस दौड़ में हर कदम के साथ दिखाई दी।
‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ केवल एक रैली नहीं, बल्कि यह विश्वास का प्रतीक बनी कि जब सरकार और समाज एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तो विकास की दौड़ निश्चित रूप से जीती जाती है।

