सोजत। शहर के दिल्ली दरवाजा रोड पर जलदाय विभाग की लापरवाही अब आमजन के लिए मुसीबत बनती जा रही है। पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क बारिश के बाद खतरनाक गड्ढों में बदल गई, जिससे मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
मंगलवार को हुई बारिश के चलते सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और ट्रैक्टर उसमें फंसकर एक ओर झुक गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बाद में क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलदाय विभाग के ठेकेदार ने पिछले 3-4 दिनों से पाइपलाइन डालने के नाम पर सड़क को कई जगहों से खोद रखा है, लेकिन अब तक न तो गड्ढों को भरा गया है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
बारिश के बाद स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो गई है। पानी से भरे गड्ढे नजर नहीं आते, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी हुई है। राहगीरों और वाहन चालकों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।


