सोजत। स्थानीय सामाजिक संस्था सोजत सेवा मण्डल ने एक बार फिर मानव सेवा और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए एक अज्ञात व्यक्ति के शव का हिन्दू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया। संस्था द्वारा अब तक 36 लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक दाह-संस्कार किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना चण्डावल ने सोजत सेवा मण्डल को लिखित तहरीर पत्र देकर अवगत कराया कि 28 मई 2026 को शाम करीब 6:30 बजे स्टेट हाईवे-162 पर सोजत-ब्यावर मार्ग स्थित नाथलकुंडी में भगवान देवासी की होटल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क किनारे मिला था। पुलिस द्वारा लगातार पहचान और परिजनों की तलाश के प्रयास किए गए, लेकिन 31 मई तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी और न ही किसी वारिस की जानकारी प्राप्त हुई।
इसके बाद पुलिस थाना चण्डावल ने सामाजिक संस्था सोजत सेवा मण्डल से हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार शव का दाह-संस्कार कराने का निवेदन किया। पुलिस की मौजूदगी में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सम्पन्न कराई।
इस दौरान संस्था के मंत्री पुष्पत राज मुणोत, सक्रिय सदस्य ताराचंद सैनी, बुधाराम घांची, राजेन्द्र चौहान, व्यवस्थापक पारसमल प्रजापत, खीवराज सांखला, जितेन्द्र पालरिया तथा रामेश्वर परिहार उपस्थित रहे। वहीं पुलिस थाना चण्डावल से भगवानराम एएसआई, रामनिवास मुंशी, रमेश कांस्टेबल एवं 112 वाहन चालक राजेन्द्र भी मौजूद रहे।
सोजत सेवा मण्डल वर्षों से जरूरतमंदों की सहायता और मानव सेवा के कार्यों में सक्रिय है। संस्था के सदस्यों ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को अंतिम विदाई सम्मानपूर्वक मिलना उसका अधिकार है। इसी भावना के तहत संस्था अब तक 36 लावारिस शवों का दाह-संस्कार कर चुकी है। संस्था के इस सेवा कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

