सोजत सिटी (पाली)। राजस्थान में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। सोजत सिटी के पास स्थित धाकड़ी क्षेत्र में आज शाम प्रकृति का बेहद डरावना रूप देखने को मिला। शाम को करीब 4 बजे अचानक आसमान में पीले और काले रंग की धूल का एक विशाल बवंडर छा गया। इस भयानक धूल भरी आंधी और तेज पिंडर हवाओं के कारण इलाके का जनजीवन पूरी तरह से पटरी से उतर गया।
हवा में तिनके की तरह उड़े लोहे के चद्दर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि दृश्यता (Visibility) शून्य हो गई। बवंडर के चलते कई घरों और मकानों की छतों पर लगे लोहे के भारी-भरकम चद्दर (टिन शेड) पत्तों की तरह हवा में उड़ते हुए नजर आए। अचानक आए इस तूफान से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए पक्के कमरों की तरफ भागे।
राहत की खबर: इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण आंधी के बावजूद किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आंधी थमी तो झमाझम बारिश ने घोली ठंडक
लगभग आधे से एक घंटे तक चले इस रेतीले बवंडर के शांत होते ही मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी। आंधी के थमते ही आसमान से बादलों ने राहत की बौछारें बरसाना शुरू कर दिया। क्षेत्र में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने जहां आंधी के गुबार को शांत किया, वहीं पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के बाद पूरा मौसम सुहावना हो गया है।

