सोजत। जोधपुरिया दरवाजा स्थित शनिदेव मंदिर में शनिवार को श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर शनिदेव के दर्शन किए तथा तेल और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य अपने जीवन में जो भी कर्म करता है, उसका फल शनिदेव ही प्रदान करते हैं। यदि शनिदेव प्रसन्न हों तो व्यक्ति को अपार सफलता, सुख-समृद्धि और समाज में सम्मान प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता, दान-पुण्य और अच्छे कर्मों से शनिदेव की कृपा प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं शारीरिक शिक्षक संघ पाली जिला संरक्षक सत्तूसिंह भाटी ने कहा कि जिस व्यक्ति पर शनिदेव की कृपा होती है, उसके जीवन की कठिनाइयां दूर होने लगती हैं। शनिवार का दिन शनिदेव को समर्पित है, इसलिए इस दिन पूजा-पाठ, दान और सेवा कार्य करने से विशेष शुभ फल प्राप्त होते हैं।
मंदिर के पुजारी मुरलीधर जोशी ने अतिथियों को विधिवत पूजा-अर्चना करवाकर शनिदेव के दर्शन कराए। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अंत में प्रसादी का वितरण किया गया।


