सोजत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग विशेषज्ञ एवं शारीरिक शिक्षक संघ पाली जिला संरक्षक सत्तूसिंह भाटी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण कला है। योग व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर उसे स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर करता है।
भाटी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, तनाव और चिंता में कमी आती है तथा एकाग्रता और मानसिक क्षमता में वृद्धि होती है। योग व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर जीवनशैली में सार्थक परिवर्तन लाने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग स्वस्थ और खुशहाल जीवन का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है। योग अपनाकर व्यक्ति न केवल अपनी सोच को सकारात्मक बना सकता है, बल्कि अपने पूरे जीवन को नई दिशा दे सकता है।
इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और इस योग दिवस पर स्वस्थ तन, स्वस्थ मन एवं स्वस्थ जीवन का संकल्प लें।


