सोजत। बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल, सोजत में आयोजित ‘समर कैंप-2026’ सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शिविर के पांचवें दिन भी सीखने और हुनर निखारने की गतिविधियां पूरे उत्साह के साथ जारी रहीं। कैंप के सफल संचालन में भारत विकास परिषद, सोजत सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने भारत विकास परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें समाजसेवी अनोप सिंह लखावत,भारत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला, रामकिशोर राठौड़, वीणा गुप्ता, मदनलाल गहलोत, स्नेहलता लड्ढा, करण सिंह एवं पारसमल सिंघाड़िया शामिल थे। सभी अतिथियों ने कैंप की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना की।
इस अवसर पर समाजसेवी अनोप सिंह लखावत ने कहा कि समर कैंप के माध्यम से नारी शक्ति को आगे बढ़ाने और महिलाओं को नए कौशल सिखाने का यह प्रयास अत्यंत अनुकरणीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कैंप संचालिका उषा सेन एवं उनकी टीम की सदस्य ममता, प्रियंका, जागृति और दिव्या के कुशल प्रबंधन, समर्पण और मेहनत की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कैंप में बच्चों को डांस, पेंटिंग, क्राफ्ट और स्पोकन इंग्लिश जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिभागी ईशिका दवे और मोक्ष दवे ने बताया कि यह कैंप उनके लिए बेहद मनोरंजक, ज्ञानवर्धक और रचनात्मक अनुभव साबित हो रहा है। वहीं महिलाओं और छात्राओं द्वारा भी विभिन्न कलाओं एवं हुनरों को सीखकर आत्मविश्वास और कौशल विकास की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
इस विशेष अवसर पर कैंप के सभी प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षकों की कार्यशैली, समर्पण और प्रतिभागियों को सिखाने की कला की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
अंत में कैंप संचालिका उषा सेन एवं उनकी टीम ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और प्रोत्साहन से ही ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को नई उड़ान देने में सफल होते हैं।

