सोजत सिटी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान–2026 के अंतर्गत शनिवार को नगर पालिका सोजत सिटी द्वारा शहर के विभिन्न CTU (Cleanliness Target Unit) स्थलों पर विशेष स्वच्छता एवं सौन्दर्यकरण अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नगर पालिका कार्मिकों ने चिन्हित CTU स्थलों पर विशेष साफ-सफाई की। इसके बाद विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर सौन्दर्यकरण किया गया। स्वच्छ एवं सुंदर बनाए गए इन स्थलों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
अधिशाषी अधिकारी राघव सिंह मीणा के निर्देशन में नगर पालिका कार्मिकों द्वारा अभियान के तहत स्वच्छता और सौन्दर्यकरण की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई जा रही है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना है।
नगर पालिका की ओर से आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छ एवं सुंदर सोजत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

