सोजत। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के निर्देशानुसार रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यायालय परिसर सोजत में योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती कमला बान्याल एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री ऋचा जाटव का सानिध्य रहा।
योग प्रशिक्षक एवं अधिवक्ता सुश्री शीला शर्मा ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। शिविर में वज्रासन, भुजंगासन, मकरासन, धनुरासन, उष्ट्रासन, अर्धहलासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, ताड़ासन एवं सेतुबंधासन सहित अनेक योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति तथा शवासन का भी प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती कमला बान्याल ने अपने संबोधन में कहा कि योग को दैनिक जीवन की दिनचर्या में शामिल करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “सम्पूर्ण स्वास्थ्य एवं स्वस्थ आयु के लिए योग” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, तनावमुक्त जीवन और आत्मिक शांति का भी सशक्त माध्यम है।
योग शिविर में बार एसोसिएशन अध्यक्ष देवेंद्र कुमार व्यास, पूर्व अध्यक्ष आनंद भाटी, सचिव जितेन्द्र परिहार, कोषाध्यक्ष पुनीत दवे, अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, पवन सेन, रेखा कुम्हार, अभिषेक व्यास, सुरेश सेन, ताज मोहम्मद सहित न्यायालय के अधिवक्ताओ, कर्मचारीयो एवं पैरा लीगल वॉलियंटियर्स तमरीन, धर्मेन्द्र और सावल प्रभात व्यास ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

