बगड़ी नगर। कस्बे के राजकीय सीनियर सेकंडरी विद्यालय में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और प्रबुद्ध नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोगी रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता पूर्व प्रधानाचार्य बद्रीनारायण शर्मा एवं डॉक्टर प्रकाश सीरवी ने उपस्थित नागरिकों को योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है जो हमारे जीवन को पूरी तरह बदल सकता है। नियमित योग करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को होने वाले अनगिनत फायदों के बारे में बताते हुए उन्होंने सभी से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। इसके पश्चात, उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न योग आसनों और प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया।
ग्रामीणों और युवाओं की रही भारी मौजूदगी
इस योग शिविर में संस्था प्रधान भगाराम सेणचा, प्रेमचंद सिंघाडिया, चंदनमल मोसलपुरिया, बालिका विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार मेवाड़ा, पंचायत लिपिक गजेंद्र कुमावत और एडवोकेट महेन्द्र कुमार मेवाड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही किशोर सीरवी, मोहनलाल सीरवी, राकेश आदिवाल, नीतेश राठौड़, प्रकाश भट्ट, डीके देवासी सहित बड़ी तादाद में ग्रामीण मौजूद थे।

सती माता की छतरी पर युवाओं ने किया योग
मुख्य आयोजन के साथ-साथ कस्बे में अन्य स्थानों पर भी योग को लेकर भारी उत्साह देखा गया। सती माता की छतरी पर छिपा समाज के युवाओं ने एकत्रित होकर सामूहिक रूप से योग किया और समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

