सोजत। मेहंदी नगरी सोजत के लिए गौरव का क्षण तब आया जब शहर की तीन प्रतिष्ठित प्रतिभाओं को राजधानी दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से अलंकृत किया गया। समाज सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रामस्वरूप भटनागर, वीणा गुप्ता तथा सुमित गहलोत को यह सम्मान प्रदान किया गया।
दिल्ली स्थित शाही क्लब, शालीमार बाग में आयोजित सम्मान समारोह में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) अनिल कुमार यादव, वरिष्ठ फिल्म अभिनेता सुदेश बेरी तथा अभिनेत्री रितु शिवपुरी के मुख्य आतिथ्य में तीनों प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
आयोजकों के अनुसार भारतीय व्यवसायिक प्रशिक्षण संस्थान, रुड़की (हरिद्वार) द्वारा समाज सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए यह मानद उपाधि प्रदान की गई। रामस्वरूप भटनागर एवं वीणा गुप्ता को समाज सेवा के क्षेत्र में तथा सुमित गहलोत को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रचार-प्रसार और शैक्षिक नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह एक भव्य फैशन शो एवं कराओके ग्रुप द्वारा आयोजित संगीतमय सांस्कृतिक संध्या के दौरान संपन्न हुआ, जहां देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद तीनों अवार्डियों ने कहा कि समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सार्थक कार्यों के लिए जनसहयोग, मार्गदर्शन और निरंतर समर्पण आवश्यक है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, सहयोगी कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों को देते हुए भविष्य में भी सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहने का संकल्प व्यक्त किया।

