सोजत। शहर में आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 23 जून से 29 जून तक 7 दिवसीय सद्गुरु कबीर सत्संग समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को संतवाणी, भजन, सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ प्राप्त होगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम मेला चौक स्थित पानी की टंकी के सामने आयोजित होगा। समारोह का संचालन स्वामी माधव दास जी महाराज (सोयला वाले) के सान्निध्य में किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक तथा रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम आयोजित होंगे।
समारोह में स्वामी माधव दास जी महाराज सद्गुरु कबीर साहेब की वाणी पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे तथा मानव जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों, सदाचार, सेवा, भक्ति और सत्संग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले संत-महात्मा भी श्रद्धालुओं को प्रेरक प्रवचनों के माध्यम से धर्म, अध्यात्म और मानवता का संदेश देंगे।
आयोजन के दौरान कबीर भजनों एवं सत्संग के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भावना और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
आयोजन से जुड़े माधु लाल,राजेंद्र कुमार सांखला, श्याम लाल गहलोत, रामचंद्र गहलोत ने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

