in

140 साल का गौरवशाली सफर: अंग्रेजों के दौर में बना सोजत का स्कूल नंबर-1, रायशुमारी में बना शहर का सबसे पसंदीदा विद्यालय।

सोजत। अंग्रेजी शासनकाल में स्थापित और 140 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को समेटे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-1 को सोजत महोत्सव समिति द्वारा आयोजित जनरायशुमारी में शहर के सबसे पसंदीदा विद्यालय के रूप में चुना गया। समिति के सचिव चेतन व्यास द्वारा संकलित इस रायशुमारी में लोगों ने विद्यालय की ऐतिहासिक विरासत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और समाज को दिए उत्कृष्ट प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को इसकी लोकप्रियता का प्रमुख आधार बताया।

जानकारी के अनुसार वर्ष 1886 में मारवाड़ दरबार ने एंग्लो-वर्नाक्यूलर पद्धति के तहत स्टेट प्राइमरी स्कूल के रूप में इस विद्यालय की स्थापना की थी। वर्ष 1896 में इसे लोअर मिडिल स्कूल तथा 1908 में इंग्लिश मिडिल स्कूल का दर्जा मिला। इसके बाद अप्रैल 1946 में यह हाईस्कूल बना और अगस्त 1956 में गवर्नमेंट मल्टीपरपज हायर सेकेंडरी स्कूल में परिवर्तित हुआ। अंततः 1 जुलाई 1965 को विद्यालय पृथक होकर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-1 के रूप में स्थापित हुआ।

रायशुमारी के दौरान लोगों ने विद्यालय से जुड़ी कई रोचक यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में होने वाले रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम इतने लोकप्रिय होते थे कि उन्हें देखने के लिए लोग आसपास की छतों और पेड़ों की डालियों पर बैठकर कार्यक्रम का आनंद लेते थे। विद्यालय की एक अनूठी विशेषता यह भी थी कि एक कक्षा का दरवाजा खुलने पर एक साथ कई कक्ष खुल जाते थे। वर्तमान में यह विद्यालय सिनेमा हॉल के पास संचालित हो रहा है।

लोगों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (पीएमश्री) की भी खूब सराहना की। वर्ष 1965 में स्थापित इस विद्यालय ने खेलकूद और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में विशिष्ट पहचान बनाई। यहां से पढ़े अनेक छात्र भारतीय प्रशासनिक सेवा, राजस्थान प्रशासनिक सेवा, राजस्थान पुलिस सेवा, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, चिकित्सा, न्यायिक सेवा और व्यापार जगत में उच्च पदों तक पहुंचे हैं।

रायशुमारी में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिलाड़िया गेट, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-2, क्रमांक-3, सोजत रोड बालिका विद्यालय, महात्मा गांधी विद्यालय सिसरवाड़ा तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरड़ावा को भी लोगों ने उनकी उपलब्धियों और शैक्षणिक वातावरण के लिए सराहा। विशेष रूप से बिलाड़िया गेट विद्यालय के शिक्षक सुरेश मेवाड़ा के प्रयासों की लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

रायशुमारी में शिक्षाविद् मो. रफीक, ओम प्रकाश जोशी, उम्मेद सिंह राठौड़, छैलाराम मेवाड़ा, चंद्रमोहन ओझा, पार्षद जोगेश जोशी, मनोहर पालड़िया, रमेश चौहान, सत्तुसिंह भाटी, अकरम खान, अजय जोशी, चुन्नीलाल बोस, राजकुमार चौधरी, हरीश, मो. खालिद सहित अनेक नागरिकों ने अपने अनुभव और महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उनके अनुसार सोजत के इन विद्यालयों ने केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: 628वीं संत कबीर साहेब की जयंती पर उमड़ा भक्ति का सैलाब, निकली भव्य शोभायात्रा।

राजस्थान गॉट टैलेंट – सीजन 2 के पहले ऑडिशन में चमके पाली के हुनरबाज, 50 प्रतिभागियों ने दीं शानदार प्रस्तुतियां