।
सोजत सिटी। सोजत तहसील के सिसरवादा गांव की बालिका अरुणिमा जैतावत चीन में होने वाली प्रतिष्ठित आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियन अण्डर 18 में ISSO भारत टीम का प्रतिनिधित्व करेगी।
यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक शांगनुओ, चीन में आयोजित होगी।
सोजत ही नही बल्कि राजस्थान के लिए गर्व का विषय है कि यह बालिका अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेगी। इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा आयोजित वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियन स्कूली स्तर पर दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक खेल मंचों में से एक मानी जाती है। दुनिया भर के श्रेष्ठ युवा वॉलीबॉल खिलाड़ी इसमें अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह टूर्नामेंट छात्र-खिलाड़ियों को स्कूल स्तर पर सच्चे विश्व मंच पर खेलने का अवसर देता है और इसे अक्सर युवा खिलाड़ियों के लिए “मिनी-ओलंपिक” जैसा माना जाता है।
अरूणिमा के पिता जितेंद्र सिंह जैतावत सिंगापुर में नोकरी करने के कारण उनकी शिक्षा सिंगापुर मे भी रही है और अब वह जयपुर में अध्ययन कर रही है। अरुणिमा की खेल यात्रा अंतरराष्ट्रीय रही है। अरुणिमा सिंगापुर नेशनल स्कूल गेम्स में दो बार स्वर्ण पदक विजेता रही हैं साथ ही सिंगापुर में इंटर स्कूल प्रतियोगिताओं के दौरान उन्होंने अपने विद्यालय की U-14 और U-16 वॉलीबॉल टीमों की कप्तानी भी की है।
जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता, निरंतरता और कम उम्र में खेल के प्रति परिपक्वता झलकती है।
खेल प्रतिभा अरुणिमा जैतावत पाली जिले की सोजत तहसील के सिसरवादा गांव से हैं और सेवानिवृत पुलिस अधिकारी शिवजी सिंह जैतावत की पौत्री हैं। सिंगापुर के स्कूल वॉलीबॉल कोर्ट से भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्व मंच तक पहुंचना पाली, जयपुर और पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है। चीन में होने वाली आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियन में अरुणिमा की भागीदारी राजस्थान के कई युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के सपने साकार करना और आत्मविश्वास, अनुशासन तथा समर्पण के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

