बगड़ी नगर। क्षेत्र के गुडाबीजा, पोखरिया नाडी, सालरमाला, लाडपुरा, गजनाई और लाखा का खेत सहित आसपास के तमाम मगरा क्षेत्र के गांवों में हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। लंबे इंतजार के बाद बरस रहे बदरा ने तपती धरती को शांत करने के साथ ही अन्नदाताओं को बड़ी राहत दी है।
फसलों के लिए वरदान है यह बारिश
स्थानीय किसानों का कहना है कि यह बारिश खरीफ सीजन की फसलों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। लगातार हो रही इस बारिश से न सिर्फ मौसम सुहावना हुआ है, बल्कि खेतों और झुलसती फसलों में एक नई उम्मीद जग गई है।
बुवाई के कार्यों में आएगी तेजी
कई इलाकों में खेतों और जलस्रोतों में पानी की अच्छी आवक दर्ज की गई है। अच्छी नमी होने के कारण अब क्षेत्र में ठप पड़े बुवाई के कार्यों को गति मिलने की पूरी उम्मीद है। बारिश के बाद से ही ग्रामीण और मगरा क्षेत्र के गांवों में उत्साह और खुशी का माहौल बना हुआ है। किसान अब दोगुनी ऊर्जा के साथ अपने खेतों की तरफ रुख करने लगे हैं।


