सोजत। स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए खेलों को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए शारीरिक शिक्षक संघ पाली के जिला संरक्षक एवं पूर्व खेल अधिकारी सत्तूसिंह भाटी ने कहा कि नियमित खेलकूद से मानसिक तनाव, डिप्रेशन और चिंता जैसी समस्याओं से मुक्ति मिलती है। खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण मानवीय गुणों का भी विकास करते हैं।
वे पेंशनर समाज भवन में अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि समाजसेवी और पर्यावरणप्रेमी अनोपसिंह लखावत ने कहा कि सत्तूसिंह भाटी सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं,साथ ही समाजसेवा और खेलो मे उनका योगदान सराहनीय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पेंशनर समाज के अध्यक्ष लालचंद मोयल ने कहा कि भाटी पेंशनर समाज के मजबूत स्तंभ हैं। वे हर सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्य में अग्रणी रहकर पेंशनरों की सेवा कर रहे हैं।
इस अवसर पर चेतन व्यास, अब्दुल समद राही, अशोक सेन (सेवानिवृत्त फौजी), डॉ. रशीद गौरी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सत्तूसिंह भाटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने किया। पेंशनर समाज की ओर से सत्तूसिंह भाटी का साफा एवं फूलमालाओं से स्वागत कर स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। वहीं अब्दुल समद राही ने भी साफा एवं मोतियों की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
समारोह में शंकरलाल पारीक, महेंद्र माथुर, मोहम्मद यासीन खरादी, नवीन गुप्ता, महिपाल सिंह भाटी, धीरज गुप्ता, एडवोकेट जुगल किशोर दवे, ईश्वरदास पुरुषवाणी, शिवलाल जोशी, झूमरलाल गर्ग, कम्पाउंडर मोहनलाल चौधरी, कैलाशदान चारण सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पेंशनर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महिपाल सिंह भाटी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी के लिए स्नेहभोज एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई।


