in

खोखरा गांव के मुख्य चौराहे पर फैली गंदगी, ग्राम पंचायत मौन; बीमारी फैलने का खतरा

बगड़ी नगर। ग्राम पंचायत खोखरा में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को दिखाने के लिए कुछ दिन पहले आयोजित एक शिविर के दौरान सिर्फ पंचायत भवन से लेकर अटल सेवा केंद्र तक खानापूर्ति के लिए सफाई की गई थी। ग्रामीण भूपेंद्र सिंह भोपसा ने बताया कि शिविर के अगले दिन थोड़ी-बहुत सफाई हुई, लेकिन उसके बाद से आज तक गांव में सफाई का कोई कार्य नहीं हुआ है।

सड़कों पर बह रहा नालियों का गंदा पानी

जिला सोशल मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह खोखरा ने बताया कि गांव के लगभग सभी मोहल्लों में नालियां कीचड़ और मलबे से पूरी तरह ब्लॉक हो चुकी हैं। इसके कारण नालियों का बदबूदार और गंदा पानी मुख्य रास्तों और सड़कों पर फैल रहा है। गांव के मुख्य चौराहे की हालत सबसे ज्यादा खराब है। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को इसी बदबूदार कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे हमेशा हादसे और बीमारी का डर बना रहता है।

ठेकेदार नहीं उठा रहा फोन, ग्रामीण परेशान

हैरानी की बात यह है कि ग्राम पंचायत की दीवार पर सफाई का ठेका लेने वाली फर्म ‘पंकज एंटरप्राइजेज’ का पूरा ब्यौरा और मोबाइल नंबर लिखा हुआ है। ग्रामीण इस नंबर पर लगातार कॉल करके परेशान हो चुके हैं, लेकिन ठेकेदार किसी का भी फोन उठाने को तैयार नहीं है। ग्राम पंचायत प्रशासन भी इस पूरे मामले पर आंखें मूंदे बैठा है।

समस्त ग्रामवासियों ने जिला व ब्लॉक स्तर के प्रशासनिक अधिकारियों से सादर अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत और संबंधित ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए जाएं, ताकि जल्द से जल्द नालियों की सफाई हो सके और ग्रामीणों को इस नारकीय जीवन से निजात मिले।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ग्रामीण सेवा शिविर में अधिकारियों और सरपंच की नदारदगी से भड़के ग्रामीण, अटके कई महत्वपूर्ण कार्य