14 सितंबर को खुलेगा 132 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का पिटारा, स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा के बीच सियासी हलकों में बढ़ी हलचल।
सोजत सिटी। नगर पालिका चुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद अब शहरवासियों, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें 14 सितंबर, श्री गणेश चतुर्थी के दिन होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। ईवीएम में कैद 132 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला अब कुछ ही दिनों में सामने आएगा। मतदान के बाद जहां प्रत्याशी अपने-अपने समीकरणों का आकलन करने में जुटे हैं, वहीं समर्थकों के बीच जीत-हार को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा, प्रशासन अलर्ट
मतगणना तक ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन की ओर से स्ट्रांग रूम में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था ऐसी है कि बिना अनुमति किसी के लिए प्रवेश संभव नहीं है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम रवि प्रकाश तथा पुलिस उप अधीक्षक प्रतीक मील के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हैं। चुनाव शाखा द्वारा भी मतगणना को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दिग्गजों की नजरें नतीजों पर
नगर पालिका चुनाव में राजनीतिक दिग्गजों की सक्रियता भी चर्चा का विषय रही। विधायक श्रीमती शोभा चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य और पूर्व विधायक संजना आगरी सहित कई प्रमुख नेताओं ने चुनावी गतिविधियों पर नजर रखते हुए फीडबैक लिया। अब इन सभी की निगाहें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं। खासकर प्रभावशाली माने जा रहे प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चेयरमैन पद के लिए अंदरखाने गोलबंदी शुरू
नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर अंदरखाने राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न समाजों के प्रमुख और प्रभावशाली लोग अपने-अपने स्तर पर पसंदीदा उम्मीदवार को अध्यक्ष बनाने के लिए समीकरण बैठाने और गोटियां सेट करने में जुटे बताए जा रहे हैं,वही सुत्रो के अनुसार मतदान के तुरंत बाद से ही चुनाव लड़ रहे प्रत्याशीयो कि बाड़े बंदी शुरु हो गयी है।
नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए खुला होने के कारण शहर में इस बात को लेकर भी चर्चाएं हैं कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दल सामान्य वर्ग से किस चेहरे पर भरोसा जताते हैं। हालांकि अंतिम तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी।
अफवाहों का बाजार गर्म, हर चौराहे पर चुनावी चर्चा
मतदान के बाद शहर में चुनावी चर्चाओं का दौर थमने के बजाय और तेज हो गया है। दिनभर चाय की थड़ियों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर प्रत्याशियों की जीत-हार के आंकड़े लगाए जा रहे हैं। कौन आगे है, किसने किसका साथ दिया और किस प्रत्याशी के पक्ष में कौन-सा समीकरण गया—इन चर्चाओं के बीच तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि वास्तविक तस्वीर 14 सितंबर की मतगणना के बाद ही सामने आएगी।
अब सभी की निगाहें ईवीएम खुलने और परिणाम सामने आने पर टिकी हैं। मतगणना के साथ ही यह भी तय होगा कि सोजत नगर पालिका की सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी और अध्यक्ष पद की कुर्सी तक पहुंचने के लिए कौन-कौन से नए राजनीतिक समीकरण आकार लेते हैं।


