बगड़ी नगर। गांव में गुरुवार को भादवे की छठ के पावन अवसर पर लोकदेवता बाबा रामदेवजी का वार्षिक मेला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित हुआ। सुबह से ही बाबा रामदेवजी के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी के दरबार में नारियल और अगरबत्ती चढ़ाकर पूजा-अर्चना की तथा शीश नवाकर सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। श्रद्धालुओं की आस्था का आलम यह रहा कि दिनभर मंदिर परिसर बाबा रामदेवजी के जयकारों से गूंजता रहा।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गईं। खिलौने, मिठाई, पानीपुरी, फैन्सी सामान, कपड़े, बर्तन सहित अनेक दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। वहीं चकरी और झूले बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने मेले में जमकर खरीदारी की, जबकि बच्चों ने झूले-चकरी का आनंद लेकर मेले का खूब लुत्फ उठाया।
बीजागुड़ा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मेले में पहुंचे। श्रद्धा, भक्ति और मेले की रौनक के बीच पूरा बीजागुड़ा गांव दिनभर उत्सवी माहौल में नजर आया।

