पुष्कर। तीर्थराज पुष्कर में अखिल भारत वर्षीय श्रीमाली ब्राह्मण समाज का परंपरागत कार्तिक मेला इस बार भी पूरे श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक गरिमा के साथ प्रारंभ हुआ। मेले का विधिवत शुभारंभ आज ब्रह्म मुहूर्त में ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के साथ ही पुष्कर स्थित समाज के शिविर में धर्म, संस्कृति और परंपरा का उत्सव शुरू हो गया।
समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र बोहरा और सचिव ब्रजमोहन व्यास ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह ब्रह्म मुहूर्त में विधि-विधान से ध्वजारोहण कर किया गया। इसके बाद महालक्ष्मी पूजन, शिव पूजन, ब्रह्म नारायण मठ पूजन और शंकराचार्य पूजन संपन्न हुआ। पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गूंज उठा। देश के विभिन्न प्रांतों से आए समाज बंधुओं ने पूजन-अर्चन में भाग लिया।
प्रबोधिनी एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह…
मेले का पहला दिन इस बार विशेष रहा, क्योंकि आज ही प्रबोधिनी एकादशी यानी देवउठनी एकादशी का पावन पर्व था। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला मंडल के तत्वावधान में तुलसी-शालिग्राम विवाह का भव्य आयोजन किया गया।
समाज की महिला मंडल अध्यक्ष चारुलता जोशी ने बताया कि सुबह से ही तुलसी विवाह की तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिला मंडल की सदस्यों ने तुलसी माता का श्रृंगार किया, मंडप सजाया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विभिन्न वैवाहिक रस्में आयोजित कीं। हल्दी, मेहंदी, संगीत और मंगल गीतों के साथ पूरा वातावरण विवाहोत्सव में बदल गया।
शालिग्राम जी की भव्य बारात, फूलों की वर्षा…
शाम होते ही मेले का सबसे आकर्षक कार्यक्रम शालिग्राम जी की भव्य बारात निकाली गई। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ निकली बारात में समाज के सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बारात में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे सभी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने शालिग्राम जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
रात्रि में विधि-विधान से तुलसी-शालिग्राम जी के सप्तपदी फेरे संपन्न हुए। फेरों के दौरान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंगल कामनाएं कीं।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा…
समाज के संयुक्त सचिव *नरेंद्र राज़ बोहरा* ने बताया कि रात्रि में समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में देशभर से आए समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में कार्तिक मेले को सुचारू, व्यवस्थित और अनुशासित रूप से आयोजित करने, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आवास, भोजन, सुरक्षा और स्वच्छता सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही समाज के संगठनात्मक विस्तार, युवा और महिला शक्ति को जोड़ने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श हुआ।
संध्या आरती के बाद सोबा प्रसादी में उमड़ी भीड़…
समाज के युवा अध्यक्ष आकाश ओझा ने बताया कि संध्या आरती के बाद सोबा प्रसादी का आयोजन किया गया। प्रसादी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। युवा कार्यकर्ताओं ने अनुशासन और सेवा भाव से प्रसादी वितरण में सहयोग किया।
मेले के पहले दिन से ही पुष्कर में समाज बंधुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आने वाले दिनों में भी विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

