पाली। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा गुरुवार को शहर के छह प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीन प्रतिष्ठानों पर नियमों की अवहेलना पाए जाने पर पेनल्टी लगाई गई।
रसद अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा गठित संयुक्त जांच दल में प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार, जितेन्द्रसिंह तथा विधिक माप विज्ञान अधिकारी विष्णु जोशी शामिल थे। इस दल ने गुलाब हलवा, कास्टिया हलवा, चैनजी हलवा वाला, जोधपुर स्वीट, ललित किराणा स्टोर एवं मां जोधपुर स्वीट होम पाली का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान तीन प्रतिष्ठानों पर बाट-माप सत्यापन प्रमाण पत्र का डिस्प्ले नहीं होने पर पेनल्टी लगाई गई।
रसद विभाग ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिठाई, सूखे मेवे, बेकरी उत्पाद जैसे खाद्य पदार्थों में कम तौल, गलत पैकेजिंग, एवं तय मापदंडों के विरुद्ध बिक्री की रोकथाम हेतु 6 से 8 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
सभी दुकानदारों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में वजन व माप संबंधी प्रमाण-पत्र उचित स्थानों पर प्रदर्शित करें और ग्राहकों को जागरूक करें।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 एवं डिब्बा बंद वस्तुएं नियम, 2011 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं से अपील
विभाग ने जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मिठाई, सूखे मेवे या बेकरी उत्पाद खरीदते समय वजन की जांच जरूर करें। यदि किसी प्रतिष्ठान द्वारा तौल में अनियमितता पाई जाती है तो शिकायत टोल फ्री नंबर 18001806030 या व्हाट्सएप नंबर 7230086030 पर दर्ज करवा सकते हैं।


