पाली। रक्षाबंधन का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, पाली शहर सहित आस-पास के कस्बों और गांवों में जबरदस्त त्योहारी रौनक देखी जा रही है। 9 अगस्त को मनाए जाने वाले इस भाई-बहन के पावन पर्व को लेकर बाजारों में खासा उत्साह है। बहनें जहां अपने भाइयों के लिए राखियां और उपहार खरीद रही हैं, वहीं भाई भी बहनों को सरप्राइज देने के लिए उपहारों की खरीदारी में जुटे हुए हैं।

राखियों की दुकानों पर लगी भीड़
बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों की भरमार देखने को मिल रही है। स्वास्तिक, ओम, रुद्राक्ष, स्टोन वर्क, सिल्वर वर्क, गणेश, शिव, मोती, सोने-चांदी की राखियां ग्राहकों को खूब लुभा रही हैं। बच्चों के लिए टेडीबियर, कार्टून कैरेक्टर्स, लिटिल सिंघम और लाइटिंग राखियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

गिफ्ट आइटम्स और मिठाइयों की बढ़ी मांग
उपहारों की दुकानों और मिठाई की शोरूमों पर भीड़ बनी हुई है। लोग परफ्यूम, कपड़े, कस्टमाइज गिफ्ट बॉक्स और आभूषणों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में खरीदारी में अच्छी तेजी देखी जा रही है।
शुभ मुहूर्त 9 अगस्त को
पंडितों के अनुसार रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त 9 अगस्त को है। ऐसे में 8 अगस्त को खरीदारी का अंतिम दौर देखा जा रहा है। पूरा शहर भाई-बहन के स्नेह और प्रेम से सराबोर नजर आ रहा है।
सोजत, मारवाड़ जंक्शन, बगड़ी नगर और चंड़ावल में भी उत्सव का माहौल
पाली के अलावा सोजत, मारवाड़ जंक्शन, बगड़ी नगर, सोजत रोड, चंड़ावल नगर सहित अन्य गांवों और कस्बों में भी रक्षाबंधन की तैयारियां पूरे उत्साह और उमंग के साथ चल रही हैं। बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है और व्यापारी वर्ग भी बिक्री से उत्साहित है।
त्योहार ने दी व्यापार को रफ्तार
रक्षाबंधन ने स्थानीय व्यापार को रफ्तार दी है। दुकानदारों को उम्मीद है कि आने वाले दो दिनों में बिक्री और बढ़ेगी। वहीं, लोगों के चेहरों पर भी इस पावन पर्व को लेकर खास चमक देखी जा रही है।


