जैसलमेर। मंगलवार का दिन राजस्थान के लिए दर्दनाक साबित हुआ।
जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी स्लीपर बस में अचानक आग लग जाने से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे थईयात गांव के पास हुआ। बस में सवार यात्रियों को बचाने के लिए स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि बस देखते ही देखते राख में बदल गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हृदय विदारक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और तुरंत घटना स्थल का दौरा किया।

स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के साथ सीएम शर्मा विशेष विमान से जयपुर से सीधे जैसलमेर पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली और दुर्घटनाग्रस्त बस का निरीक्षण किया। जली हुई बस का दृश्य देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो उठे।

इसके बाद देर रात सीएम भजनलाल शर्मा जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके उपचार की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रत्येक घायल के लिए एक समर्पित डॉक्टर और नर्स की टीम 24 घंटे निगरानी रखे।
उन्होंने बर्न यूनिट में वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, इंटेंसिव केयर बेड्स और दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। सरकार हर संभव सहायता और मुआवजा प्रदान करेगी।

