पाली। पाली शहर में कबड्डी प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में कबड्डी दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता शनिवार सुबह 10 बजे बांगड़ कॉलेज मैदान, पाली में शुरू होगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन भव्य समारोह के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता योगेन्द्र कुमार सिंह (क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख) होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत शिरकत करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर सुनील भंडारी (भाजपा जिलाध्यक्ष) और फगलूराम बिश्नोई (बिश्नोई महासभा पाली) उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सैयद रज़्ज़ाक अली (जिला उद्योग केंद्र) करेंगे। कार्यक्रम भारत रक्षा इकाई के मैनेजर रघुनंदन शर्मा के सान्निध्य में आयोजित होगा।
पाली क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष लहरी दास वैष्णव एवं प्रतियोगिता समन्वयक भंवर चौधरी ने बताया कि क्रीड़ा भारती संगठन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कबड्डी को बढ़ावा देना, इसे ओलंपिक खेलों में शामिल कराने की दिशा में प्रयास करना तथा बच्चों व युवाओं को खेलों से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से देशभर में इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें करीब 10 हजार मैच कराए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस प्रतियोगिता में पाली जिले के उन खिलाड़ियों के फोटो फ्रेम प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें सुमन देवासी (बॉक्सिंग), हीना जोशी (एथलेटिक्स), राजवीर सिंह राठौड़ (शूटिंग), विमलेश (पावर सॉफ्टबॉल), हनुमान सिंह (बेस बास्केटबॉल) और कुमार बारसा (क्रिकेटर, राजस्थान रॉयल्स) शामिल हैं। यह प्रदर्शनी युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।
प्रतियोगिता में करीब 100 टीमें भाग लेंगी और इसे चार आयु वर्गों में आयोजित किया जाएगा— 10 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 35 वर्ष तथा 35 वर्ष से अधिक। छात्र-छात्रा एवं पुरुष-महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। कुल 100 मैच खेले जाएंगे, जिनके लिए 12 मैदान तैयार किए गए हैं।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 60 खेल शारीरिक शिक्षक, महिला शिक्षिकाएं तथा 40 कार्यकर्ताओं की टीम तैनात की गई है। सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट प्रदान की जाएगी और भोजन की समुचित व्यवस्था भी रहेगी।
आयोजन में भामाशाहों का विशेष सहयोग मिल रहा है, जिनमें फगलूराम बिश्नोई, लुंबा राम बी. गहलोत, कमलेश मेवाड़ा, शैतान सिंह आउवा, नरेंद्र गोलछा, पुनीत मुथा (डिस्ट्रिक्ट क्लब सचिव) प्रमुख हैं। कार्यक्रम की तैयारियों में बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल महेन्द्र सिंह राजपुरोहित, अगरा राम चौधरी (समन्वयक, जोधपुर प्रांत खेल कबड्डी) सहित शिक्षा विभाग व संगठन के अनेक कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
इस आयोजन को पाली के सभी निजी शिक्षण संस्थान, शिक्षा विभाग, समस्त खेल संघ, जिला ओलंपिक संघ एवं जिला क्रीड़ा परिषद का सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा चुका है।


