पाली। मुस्लिम समाज का सबसे पवित्र और इबादत भरा महीना रमजान इन दिनों पूरे उत्साह और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस मुबारक महीने में जहां बड़े रोजे रखकर इबादत में मशगूल हैं, वहीं बच्चे भी पीछे नहीं हैं।
इसी क्रम में पाली के 7 वर्षीय अली हुसैन जोय ने इतनी छोटी उम्र में रोजा रखकर अपनी गहरी धार्मिक आस्था का परिचय दिया। अली हुसैन के वालिद मोहम्मद अली जोय ने बताया कि माहे रमजान में उनके पुत्र ने अल सुबह परिवार के साथ उठकर सेहरी की और पूरे दिन रोजा रखकर इबादत व नमाज अदा की।
शाम के समय अली हुसैन के दादाजी हाजी खुर्शीद अकरम जोय ने पोते के पहले रोजे की खुशी में मोहल्ले और परिचितों में मिठाई बांटी तथा अल्लाह से उसके उज्ज्वल भविष्य और सेहत के लिए दुआ की।

अली हुसैन ने शाम को पूरे परिवार के साथ इफ्तार कर अपना पहला रोजा मुकम्मल किया। इस मौके पर परिवारजनों और परिचितों ने नन्हे रोजेदार को ढेरों दुआओं और शुभकामनाओं से नवाजा।


