पाली। सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर सोमवार को पाली जिले के जाडन गांव स्थित ओम आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने महामंडलेश्वर स्वामी महेश्वरानंदपुरी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। राज्यपाल के आगमन पर आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं और संतों ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान राज्यपाल माथुर ने आश्रम परिसर में स्थित भगवान महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
राज्यपाल ने कहा कि संत-महात्मा हमारी सनातन संस्कृति के संवाहक हैं और उनके मार्गदर्शन से समाज में आध्यात्मिक चेतना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि ऋषि-मुनियों की तपस्या और भारतीय परंपराओं के कारण ही आज भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद उन्हें असीम शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ।
इस अवसर पर राज्यपाल ने आश्रम के अन्य संतों अवतारपुरी महाराज, राजेंद्रपुरी महाराज और फुलपुरी महाराज से भी मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद पुष्प जैन, जिला कलेक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री, पाली पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू, भाजपा नेता देवीलाल तथा जाडन चौकी प्रभारी रामनिवास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


