पाली। शहर के मानपुरा भाकरी क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सौतेले पिता ने अपने ही 14 वर्षीय मासूम बेटे की पत्थरों से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पत्थरों से वार कर ली जान…
जानकारी के अनुसार घटना 6 मार्च को मानपुरा भाकरी के पास जंगल क्षेत्र में हुई। आरोपी सौतेला पिता 14 वर्षीय बेटे को बहाने से जंगल में ले गया, जहां उसने पत्थरों से उसके सिर पर लगातार वार किए। गंभीर चोटों के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद पत्नी के साथ ढूंढता रहा बेटा…
कोतवाली थानाधिकारी रविन्द्र सिंह खिंची ने बताया कि 7 मार्च को बच्चे की मां ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसका 14 वर्षीय बेटा 6 मार्च को घर से बिना बताए निकल गया और काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि बच्चे को अंतिम बार उसके 42 वर्षीय सौतेले पिता के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर सौतेले पिता से सख्ती से पूछताछ की।
आरोपी की निशानदेही पर जंगल से मिला शव…
पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने बताया कि वह बेटे को मानपुरा भाकरी के पास जंगल में ले गया था, जहां पत्थरों से वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर रविवार शाम पुलिस ने जंगल से मासूम का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
जंगल में जानवरों ने नोच खाया शव…
पुलिस के अनुसार शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। जंगल में जानवरों द्वारा शव के पेट और चेहरे को नोच लिया गया था, जिससे चेहरे का अधिकांश हिस्सा कंकाल में बदल चुका था।
हत्या के कारणों की जांच जारी…
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा है, इसलिए पुलिस मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है।

