सोजत। सोजत के लिए गर्व का विषय है कि यहां जन्मे श्री महावीर सिंघवी ने कनाडा के टोरंटो स्थित भारत के वाणिज्य दूतावास में भारत के नए महावाणिज्य दूत (Consul General) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से सोजत क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
प्रफुल्ल ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री सिंघवी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सोजत के लिए गौरव की बात है। ऐसे समय में जब भारत और कनाडा के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है, उनकी नियुक्ति को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
बताया गया कि श्री महावीर सिंघवी का विशेष ध्यान व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में भारत-कनाडा सहयोग को सुदृढ़ करने पर रहेगा। वे कनाडा के विभिन्न हितधारकों और वहां के सक्रिय भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ मिलकर पारस्परिक विश्वास को मजबूत करने और नई साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
श्री सिंघवी बहुआयामी प्रतिभा के धनी हैं। वे एक अनुभवी राजनयिक होने के साथ-साथ वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सचिव, एमबीए तथा कॉस्ट एवं मैनेजमेंट अकाउंटेंट भी हैं। उन्हें रणनीतिक, आर्थिक एवं वैश्विक मामलों के साथ-साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय संबंधों का व्यापक अनुभव है।
उनकी नियुक्ति की घोषणा भारत के उच्चायोग, ओटावा तथा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से साझा की गई है।
इस उपलब्धि पर उनके गुरु सुरेश ओझा, महेंद्र मेहता, सुरेश मेहता, अनिल सिंघवी, उनकी बहन सुश्री संगीता सिंघवी, मानक राज चौहान, पंकज त्रिवेदी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।


