पाली। शहर के मंडिया रोड स्थित तेरापंथ भवन में सोमवार शाम भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 13 वर्षीय दीक्षार्थी आगम गुलेच्छा के सम्मान में भव्य सांझी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जैन समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर नन्हीं उम्र में वैराग्य का मार्ग चुनने वाले आगम का बहुमान किया। इस दौरान धार्मिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों पर दीक्षार्थी आगम के साथ उपस्थित जनसमूह भी झूम उठा और पूरे वातावरण में उत्साह छा गया।
गुजरात के पालीताणा में लेंगे दीक्षा…
दीक्षार्थी आगम के पिता दिलीप गुलेच्छा ने बताया कि उनका परिवार मूलतः पाली जिले के बीठू गांव का निवासी है और वर्तमान में सूरत में टेक्सटाइल व्यवसाय से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि आगम 23 अप्रैल 2026 को गुजरात के पालीताणा में जैन संत रत्नचंद सुरिश्वर की निश्रा में दीक्षा ग्रहण कर वैराग्य के पथ पर अग्रसर होंगे।
समाज ने दी शुभकामनाएं…
पारसमल एवं मनन गुलेच्छा के सान्निध्य में आयोजित इस बहुमान समारोह में समाज के कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने आगम के इस निर्णय की सराहना करते हुए उज्ज्वल आध्यात्मिक भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में गौतम कवाड़, धनराज कांटेड़, पदमचंद ललवानी, मांगीलाल मुणोत, सज्जनराज धारोलिया, गौतम भंसाली, गौतम धारीवाल, रितेश कवाड़, नवीन मेहता, मूलचंद सालेचा, बालगोपाल राठी, अरविन्द कवाड़, अशोक धोका, संतोष गुलेच्छा, राजुल सालेचा, उषा राठी, अंजू कवाड़, स्मिता कवाड़, सुनिता धोका, प्रिया कवाड़ सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे।


