पाली। जिले के सदर थाना क्षेत्र के लांबिया गांव में गुरुवार रात एक बीएड छात्रा और उसके परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। जब छात्रा ने पढ़ाई में हो रही परेशानी को लेकर उन्हें टोका, तो उन्होंने गुस्से में आकर हमला कर दिया।

लाठियां लेकर घर में घुसे, तीनों घायल…
पीड़िता दुर्गा (20) ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार नशे में शोर-शराबा कर रहे थे, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। टोकने पर आरोपी भड़क गए और 3-4 लोग लाठियां लेकर उसके घर में घुस आए।
हमले में दुर्गा, उसके पिता रुघाराम (45) पुत्र गुणेशराम और मां दुर्गादेवी (40) को चोटें आईं।

बांगड़ हॉस्पिटल में कराया गया उपचार…
घटना के बाद गुरुवार रात को ही तीनों घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
पुलिस जांच में जुटी…
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


