पाली | 1 मई, 2026 पाली शहर के वार्ड संख्या 23, मरुधर नगर के निवासियों ने आज टैगोर नगर लिंक रोड पर स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर के पास एक खाली भूखंड में लगाए जा रहे मोबाइल टॉवर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने जिला कलेक्ट्रेट और नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जिला कलेक्टर एवं आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और टॉवर निर्माण को तुरंत रुकवाने की मांग की।

स्वास्थ्य और सुरक्षा पर खतरा
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके और घनी आबादी के बीच मोबाइल टॉवर लगने से रेडिएशन का खतरा बढ़ेगा, जिसका बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। साथ ही, स्थानीय लोगों ने डर जताया कि आंधी-तूफान की स्थिति में टॉवर गिरने से आसपास के घरों को भारी जान-माल की क्षति हो सकती है।

नियमों की अनदेखी का आरोप
ज्ञापन में स्थानीय निवासियों ने बिंदुवार तरीके से अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं:
दूरी के नियमों का उल्लंघन: नियमों के अनुसार स्कूल और मंदिर से 100 मीटर के भीतर टॉवर नहीं लगाया जा सकता, जबकि यह टॉवर स्कूल से मात्र 30-35 मीटर और मंदिर से केवल 10 मीटर की दूरी पर प्रस्तावित है।
धार्मिक स्थल और स्कूल: टॉवर के पास ही भूतेश्वर महादेव मंदिर, जैन मंदिर, उपासरा और एम.टी.पी. स्कूल स्थित है। स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावक काफी चिंतित हैं।
अवैध निर्माण: निवासियों का दावा है कि टॉवर लगाने के लिए आवश्यक विधिक प्रक्रिया और अनुमति का पालन नहीं किया गया है।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा नेता ताराचन्द चन्दनानी, अजित लोढ़ा, राकेश लिम्बा, प्रवीण तलेसरा, रमेश व्यास, कल्पेश लोढ़ा, सुनील काँकरिया, दिनेश लोढ़ा, सुरेश बोहरा, महेंद्र सिंह, रोहित चोपड़ा, जसवंत राज सुराणा, पंकज कांठेड़, दिलीप गोयल, सोहनलाल जैन, पिंकी तलेसरा, सीमा चोपड़ा, नीरज काला, गर्वित चोपड़ा सहित कई महिलाएं और पुरुष उपस्थित थे।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस अवैध निर्माण पर जल्द रोक नहीं लगाई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।


