सोजत। शहर में इन दिनों जारी भीषण बिजली संकट ने आमजन का जीवन प्रभावित कर दिया है। बार-बार बिजली गुल होना, लंबे समय तक सप्लाई बहाल नहीं होना और कई क्षेत्रों में वोल्टेज का उतार-चढ़ाव—इन समस्याओं ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। गर्मी के इस दौर में हालात और भी गंभीर हो गए हैं।
इन समस्याओं को लेकर जनाक्रोश को देखते हुए सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान के निर्देश पर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने एक दिन पूर्व विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।
इसी क्रम में शनिवार को जोधपुर विद्युत वितरण विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय माथुर सोजत पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर बिजली से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से फाल्ट सुधार, रखरखाव कार्यों में तेजी और सप्लाई में निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने भी अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर शहर में बिना रुकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, अधिक लोड वाले क्षेत्रों में नई एवं उच्च क्षमता की डीपी लगाने तथा एफआरटी टीम कि संख्या बढाने और अधिक सक्रियता से कार्य करने मांग रखी। साथ ही लंबित रखरखाव कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
अधीक्षण अभियंता अजय माथुर ने सोजत के अधिशासी अभियंता भगवान सहाय मीणा और सहायक अभियंता अमित चौधरी को समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान भाजपा के एडवोकेट आनंद भाटी, राजेश तंवर, जुगलकिशोर निकुम,जगदीश सिंह राजपुरोहित, हीरालाल कांठेड़, शिवलाल सेन, नरपत सिंह सोढा, जितेंद्र व्यास, जोगेश जोशी, ईश्वर सिंह नादावत, राजेंद्र शर्मा, नवीन शर्मा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


