पाली। भारतीय जनता पार्टी पाली द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत सरदार समंद रोड क्षेत्र में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का एक विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का संयोजन भाजपा जिला प्रवक्ता एवं वंदे गंगा जिला संयोजक तिलोक राम चौधरी के नेतृत्व में हुआ।

अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने क्षेत्र का सघन भ्रमण कर चाय की थड़ी लगाने वालों, सब्जी विक्रेताओं, धोबियों, कैबिन संचालकों सहित अन्य छोटे व्यापारियों से सीधा संपर्क साधा। इस दौरान योजना के लिए पात्र लाभार्थियों के आवेदन मौके पर ही भरवाकर नगर निगम में जमा करवाए गए, ताकि उन्हें बिना किसी मानसिक परेशानी के तुरंत लाभ मिल सके।
छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
वंदे गंगा जिला संयोजक तिलोक राम चौधरी ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना देश के रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारियों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इसके माध्यम से छोटे व्यवसाइयों को बिना किसी गारंटी के ऋण, ब्याज में विशेष छूट और डिजिटल भुगतान करने पर प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाता है। यह योजना समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम है।
इस विशेष शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय स्ट्रीट वेंडरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजना का लाभ उठाने के लिए अपने आवेदन जमा किए। शिविर को सफल बनाने में नगर निगम के अधिकारियों सहित भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवीलाल मेघवाल, अजय वैष्णव और स्थानीय कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।

