पाली। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पाली में मंगलवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, हरियाणा प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा उनके संघर्षपूर्ण व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष जहीर मकरानी का माला एवं साफा पहनाकर सम्मान किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं जहीर मकरानी के नेतृत्व में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी सतीश पूनिया का भाजपा के प्रतीक चिन्ह अंकित दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम में सोजत से भाजपा कार्यकर्ता पप्पसा सिलावट, पाली जिला महामंत्री लियाकत अजमेरी, सोमनाथ मंडल उपाध्यक्ष गफ्फार शेख, शिवाजी मंडल उपाध्यक्ष सलीम घोसी, पीर मोहम्मद कंटालिया, दिलावर पठान सहित अल्पसंख्यक मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने एवं संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।


