सोजत। नवनियुक्त उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सोजत रवि प्रकाश ने कहा कि सोजत उपखंड में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और आमजन के सामूहिक सहयोग से विकास एवं सुशासन को और मजबूत किया जाएगा।
मंगलवार दोपहर स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से पहली औपचारिक मुलाकात के दौरान रवि प्रकाश ने यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगा तथा पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्यशैली के माध्यम से आमजन का विश्वास मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर उपखंड पत्रकार संघ के अध्यक्ष अशोक खीची के नेतृत्व में पत्रकारों ने उनका स्वागत कर सोजत में पदस्थापन पर शुभकामनाएं दीं। पत्रकारों ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था एवं जनहित के मुद्दों पर प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
मुलाकात के दौरान पत्रकारों द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। इस पर एसडीएम रवि प्रकाश ने कहा कि समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने जनहित के मुद्दों के निराकरण के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार ओम पाराशर, धन्नाराम परिहार, श्याम पाराशर, आमिर रज़ा, नत्थाराम बोराणा, अकरम खान सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।


