सोजत। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं भारतीय राजनीति के प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मंगलवार को सोजत में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रदेश ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया तथा उनके विचार आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं को प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने उनके द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद, राष्ट्रवाद और जनसेवा के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर, श्यामलाल गहलोत, हीरालाल कांठेड़, पार्षद जोगेश लकी, तरुण सोलंकी, रामकिशन राठौड़, नवनीत राय, राकेश भटनागर, महेश सोनी, राजेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


