सोजत। भारत विकास परिषद, सोजत द्वारा सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत श्री पूरण विद्या मंदिर सेकेंडरी स्कूल में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रांतीय मीडिया संयोजक डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का संदेश देते हुए कहा कि नशा मनुष्य को मानसिक रूप से अस्वस्थ बनाकर धीरे-धीरे व्यसन का आदी बना देता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सफल जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को हर प्रकार के नशे और व्यसन से दूर रहना चाहिए।
डॉ. भटनागर ने आगामी 21 अगस्त को आयोजित होने वाली विद्यालय स्तरीय ‘भारत को जानो’ परीक्षा में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेने का आह्वान किया, ताकि बच्चों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का विकास हो सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। शाखा संयोजक संस्कार इंजीनियर राजनारायण हर्ष ने विद्यार्थियों को जीवन में संस्कारों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि संस्कारवान विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणास्रोत और विश्वास के पात्र बनते हैं।
परिषद सचिव पारसमल सिंगाड़िया ने परिषद की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। करणसिंह मोयल ने ‘भारत को जानो’ परीक्षा, सुशीला गुप्ता ने राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता, डॉ. वीणा गुप्ता ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी तथा महेंद्र माथुर ने गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में 425 विद्यार्थियों, 12 गुरुजनों और 10 अभिभावकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर 11 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जबकि 12 गुरुजनों का विद्यार्थियों द्वारा सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।
विद्यालय के निदेशक खींवराज बोराणा ने परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संस्कारमूलक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी विद्यालय परिषद की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करेगा।
परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई और जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजेश बोराणा, चंद्ररेखा, अशफाक, विनोद, सुनीता, प्रेमकुमार, धनवंतरी, वर्षा, मधुसूदन, मनीषा, जितेंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में परिषद की ओर से ओमप्रकाश मोहिल एवं विद्यालय की ओर से निदेशक खींवराज बोराणा ने सभी का आभार व्यक्त किया। परिषद द्वारा विद्यालय परिवार को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


