सोजत। निकटवर्ती ग्राम गोदेलाव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को सेवा और शिक्षा का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। शिक्षक सोनू सोलंकी के प्रयासों से भामाशाह दंपति डॉ. देवेंद्र चौधरी एवं डॉ. आशा चौधरी ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को कॉपियां, पेन, पेंसिल सहित आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों को लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। वहीं डॉ. आशा चौधरी ने वर्षा ऋतु में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सीख दी।
पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी जयकरण सिंह ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, स्वाध्याय और जीवन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। संस्था प्रधान ने भामाशाह दंपति के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
शिक्षक सोनू सोलंकी ने बताया कि डॉ. देवेंद्र चौधरी एवं डॉ. आशा चौधरी पिछले तीन वर्षों से विद्यालय के जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्टेशनरी, जूते एवं स्वेटर उपलब्ध कराकर निरंतर सहयोग कर रहे हैं। उनके इस योगदान से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ के सोनू सोलंकी, महेंद्र सिंह, संजू कुमारी, शबनम मौलानी, लीला, राकेश दास, प्रभु पटेल, गोकुल बंजारा, नरपत सिंह सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।


