सोजत सिटी। सरगरा एज्युकेशन सोसायटी, पाली द्वारा समाज की शिक्षा प्रोत्साहन मुहिम के तहत रविवार को एक होनहार बालिका को बीएसटीसी द्वितीय वर्ष की फीस के लिए ₹16,555 का चेक प्रदान किया गया। संस्था का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न होने देना है।
सोसायटी के अध्यक्ष डीआर सागर ने बताया कि सरगरा एज्युकेशन सोसायटी समाज के सहयोग से संचालित एक शिक्षा समर्पित संस्था है। संस्था अपने सदस्यों के सहयोग से एक शिक्षा कोष संचालित करती है, जिससे जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों की फीस सीधे संबंधित शिक्षण संस्थान के नाम जमा करवाई जाती है। यह सहायता पूरी तरह बिना ब्याज उपलब्ध कराई जाती है।
संस्था के कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार कच्छवाह ने बताया कि इस बार पाली जिले की एक होनहार छात्रा को बीएसटीसी द्वितीय वर्ष की फीस के लिए ₹16,555 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
संस्था के सचिव कन्हैयालाल चौहान ने बताया कि सोसायटी अब तक अनेक जरूरतमंद विद्यार्थियों को बिना ब्याज फीस सहायता उपलब्ध करा चुकी है। कई विद्यार्थियों ने अपनी पढ़ाई पूरी होने के बाद सहायता राशि वापस संस्था के खाते में जमा कराकर इस सेवा अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग भी किया है।
उन्होंने संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस शिक्षा अभियान से जुड़ने और शिक्षा कोष को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष बद्रीलाल चौहान, बाबूलाल चौहान एवं जितेन्द्र कच्छवाह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


