पाली। पिछले साल की अपार सफलता के बाद, ‘शेख समाज क्रिकेट टूर्नामेंट’ अपने सीजन 2 के साथ और भी बड़े और रोमांचक अवतार में वापसी कर रहा है। क्रिकेट का यह महाकुंभ आगामी 8, 9 और 10 अगस्त 2026 को पाली के न्यू बस स्टैंड स्थित सेंचुरियन गार्डन वाली रोड पर विजन अकैडमी के मैदान में खेला जाएगा।

आईपीएल की तर्ज पर होगा खिलाड़ियों का ऑक्शन
आयोजकों ने बताया कि सीजन 2 का मुख्य आकर्षण खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) होगी। रविवार, 26 जुलाई को ऑक्शन टेबल सजेगी, जिसमें 8 स्पॉन्सर अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी टीमों के लिए बोली लगाएंगे। इस ऑक्शन में कुल 96 खिलाड़ियों को खरीदा जाएगा। इस टूर्नामेंट में केवल पाली ही नहीं, बल्कि सोजत, बागड़ी और जोधपुर के स्पॉन्सर और बेहतरीन खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे मुकाबला और भी कड़ा होने की उम्मीद है।
विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार
टूर्नामेंट में विजेता टीम को शानदार ट्रॉफी के साथ 22,222 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। वहीं, उप-विजेता (रनरअप) टीम को ट्रॉफी और 11,111 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
पिछले सीजन में नयापुरा 11 ने मारी थी बाजी
गौरतलब है कि शेख समाज क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला सीजन बेहद सफल रहा था, जिसमें ‘नयापुरा 11’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्ज़ा जमाया था, जबकि ‘स्टार 11’ की टीम रनरअप रही थी। इस बार ऑक्शन प्रक्रिया के कारण दोनों टीमों के बीच और भी कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
यूट्यूब पर होगा लाइव प्रसारण
जो क्रिकेट प्रेमी मैदान में नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए भी खास इंतजाम किया गया है। खिलाड़ियों के ऑक्शन से लेकर 8, 9 और 10 अगस्त को होने वाले सभी मैचों का सीधा प्रसारण (Live Streaming) यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा।
आयोजन समिति कर रही है जोरों से तैयारी
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्य दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। आयोजनकर्ताओं में डॉ. तय्यब अली, शहजाद भाटी, समीर शेख, कासिम गौरी, समीर कादरी, इरफान जोया, जावेद MJ, साहिल अहमद, दिलावर खान, मो. समीर, साहिल शेख, ख़ालिद हुसैन और सद्दाम भाटी शामिल हैं।


